HomeHaryanaहरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायकों से कथित दुर्व्यवहार का मामला राजभवन पहुंचा,...

हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायकों से कथित दुर्व्यवहार का मामला राजभवन पहुंचा, राज्यपाल से मिलेंगे हुड्डा

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायकों और सुरक्षा कर्मियों के बीच हुए कथित दुर्व्यवहार का मामला अब राजभवन तक पहुंचने जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक सोमवार दोपहर 12 बजे लोकभवन में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात करेंगे और उन्हें ज्ञापन सौंपेंगे।

कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि मानसून सत्र में शामिल होने के लिए विधानसभा पहुंचने के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें प्रवेश द्वार पर रोक दिया गया। पार्टी का कहना है कि इसी दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बनी।

काले कपड़े और तख्तियां लेकर विधानसभा पहुंचे थे विधायक

मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में काले कपड़े पहनकर और हाथों में तख्तियां लेकर विधानसभा पहुंचे थे। कांग्रेस विधायक सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए विधानसभा परिसर में प्रवेश करना चाहते थे।

हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और सरकार पर सवाल उठाए हैं।

सदन के अंदर भी हुआ जमकर हंगामा

विधानसभा परिसर के बाहर हुए विवाद का मुद्दा सदन के अंदर भी उठा। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधानसभा अध्यक्ष के साथ तीखी नोकझोंक हुई।

हंगामा बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस के आठ विधायकों को नेम किया। इसके बाद मार्शलों ने इन विधायकों को सदन से बाहर कर दिया। लगातार हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही भी दो बार स्थगित करनी पड़ी।

भाजपा और हुड्डा के आरोप अलग-अलग

पूरे घटनाक्रम को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। भाजपा विधायकों का आरोप है कि हंगामे के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक सुरक्षाकर्मी को कोहनी मारी।

वहीं, हुड्डा ने इस आरोप को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किया। हुड्डा ने दावा किया कि इस दौरान उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए।

राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी कांग्रेस

अब कांग्रेस ने इस मामले को राजभवन तक ले जाने का फैसला किया है। हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देंगे और ज्ञापन सौंपेंगे।

कांग्रेस का कहना है कि विधानसभा लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण मंच है और वहां निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। वहीं, सत्ता पक्ष की ओर से कांग्रेस के विरोध के तरीके और विधानसभा परिसर में प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments