करनाल। हर्ष एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इसी बीच सरकार ने विधानसभा सत्र का हवाला देते हुए 30 अगस्त को तरावड़ी में प्रस्तावित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की रैली स्थगित कर दी है। नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीरपंथी ने इसकी पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री की रैली स्थगित होने के बाद अब रोड़ समाज ने भी अपनी अगली रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। समाज की 101 सदस्यीय कमेटी की बैठक बुधवार को बुलाई गई है। बैठक में हर्ष एनकाउंटर मामले को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी और आगामी कदम तय किए जाएंगे।
रोड़ महासभा के प्रधान बलकार ने भाजपा सरकार में शामिल समाज के लोगों से भी बैठक में पहुंचने की अपील की है। ऐसे में बुधवार को होने वाली बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हर्ष एनकाउंटर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर समाज की ओर से लगातार आवाज उठाई जा रही है। अब मुख्यमंत्री की रैली स्थगित होने के बाद बुधवार की बैठक में समाज क्या निर्णय लेता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।


