HomeSportsहार्दिक पंड्या के ट्रेड को लेकर बड़ा खुलासा, गुजरात टाइटंस में वापसी...

हार्दिक पंड्या के ट्रेड को लेकर बड़ा खुलासा, गुजरात टाइटंस में वापसी के लिए हुई थी बातचीत; कप्तानी बनी अड़चन

Sports Desk: आईपीएल 2027 के ट्रेड से जुड़ी चर्चाओं के बीच मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। हार्दिक के भविष्य को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं और कई फ्रेंचाइजियों की नजर इस स्टार ऑलराउंडर पर बताई जा रही है। इसी बीच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हार्दिक अपनी पुरानी टीम गुजरात टाइटंस में वापसी करना चाहते थे।

हार्दिक पंड्या 2024 में दूसरी बार मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। हालांकि, उनकी अगुवाई में मुंबई का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इसके बाद से ही आईपीएल 2027 से पहले उनके ट्रेड होने की चर्चाएं तेज हैं।

गुजरात टाइटंस में वापसी की हुई थी कोशिश

‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पंड्या ने गुजरात टाइटंस के मैनेजमेंट से वापसी को लेकर बातचीत की थी। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने हार्दिक की टीम में वापसी पर अपनी सहमति दे दी थी।

हालांकि, दोनों पक्षों के बीच बात आगे नहीं बढ़ सकी। रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक की ओर से गुजरात टाइटंस के सामने कप्तानी की शर्त रखी गई थी, जिसे फ्रेंचाइजी ने स्वीकार नहीं किया। यही कथित तौर पर वह वजह बनी, जिसके चलते हार्दिक की गुजरात में वापसी का रास्ता बंद हो गया।

गुजरात टाइटंस के एक प्रतिनिधि से जब इस मामले को लेकर संपर्क किया गया, तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं, हार्दिक पंड्या के मैनेजर ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि हार्दिक की किसी फ्रेंचाइजी के साथ ट्रांसफर या ट्रेड को लेकर सीधे तौर पर बातचीत नहीं हुई है। उनके मुताबिक, अगर किसी टीम ने हार्दिक से संपर्क किया भी है, तो वह मुंबई इंडियंस के जरिए ही हुआ है।

सीएसके और दिल्ली समेत कई टीमों की नजर

हार्दिक पंड्या के ट्रेड को लेकर कई टीमों के नाम सामने आ रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स को इस रेस में सबसे आगे बताया जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी फ्रेंचाइजियां भी इस ऑलराउंडर में दिलचस्पी रखती हैं।

हालांकि, हार्दिक का अगला आईपीएल सीजन किस टीम के साथ होगा, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गुजरात को चैंपियन बना चुके हैं हार्दिक

हार्दिक पंड्या ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के साथ की थी। इसके बाद 2022 में वह गुजरात टाइटंस का हिस्सा बने। गुजरात के पहले ही सीजन में हार्दिक ने कप्तानी करते हुए टीम को चैंपियन बना दिया था। 2023 में भी उनकी कप्तानी में गुजरात ने फाइनल तक का सफर तय किया।

इसके बाद 2024 में हार्दिक ट्रेड के जरिए मुंबई इंडियंस में लौटे। टीम ने उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी। अब आईपीएल 2027 से पहले उनके भविष्य को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments