होशियारपुर: होशियारपुर के नजदीकी गांव आनंदगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) के मौजूदा सरपंच सतपाल सिंह मिंटा की मंगलवार को दिनदिहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई। रंजिश के चलते कुछ युवकों ने पहले सरपंच पर दो-तीन बार गाड़ी चढ़ाई और फिर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव और दहशत का माहौल है।
राजीनामे की रंजिश बनी हत्या की वजह
मृतक सरपंच के बेटे राहुल ने बताया कि कुछ समय पहले पड़ोसी गांव के कुछ युवकों के बीच आपसी विवाद हुआ था। उस समय उनके पिता सतपाल सिंह ने मध्यस्थता करते हुए दोनों पक्षों में समझौता (राजीनामा) करवा दिया था। आरोप है कि हमलावर इसी बात से रंजिश रख रहे थे और इसी बदले की भावना से उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
वारदात का तरीका: पहले गाड़ी से कुचला, फिर हथियारों से हमला
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को आरोपियों ने सरपंच को रास्ते में घेर लिया।
-
हमलावरों ने पहले अपनी कार से सरपंच को दो से तीन बार कुचलने की कोशिश की।
-
जब वे गंभीर रूप से घायल हो गए, तो आरोपियों ने तेजधार हथियारों से हमला कर उन्हें लहुलूहान कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चालक दबोचा गया, मुख्य आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और स्थिति का जायजा लिया।
-
एक पकड़ा गया: डीएसपी सिटी गुरिंदर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी तो मौके से फरार हो गए, लेकिन हमलावरों की गाड़ी चला रहे युवक को ग्रामीणों ने मौके पर ही दबोच लिया। हाथापाई के दौरान वह भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-
पुलिस की कार्रवाई: डीएसपी के अनुसार अस्पताल में भर्ती आरोपी से ठीक होने के बाद कड़ी पूछताछ की जाएगी। वहीं फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पुरानी रंजिश के एंगल से पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।


