हरियाणा डेस्क: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) फरीदाबाद ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नूंह जिले में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान थाना सदर तावड़ू में तैनात एल/एचसी प्रियंका के रूप में हुई है।
FIR की जांच से नाम हटाने के लिए मांगी रिश्वत
ब्यूरो के अनुसार, आरोपी महिला पुलिसकर्मी ने शिकायतकर्ता का नाम प्राथमिकी की जांच से हटाने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में SV&ACB फरीदाबाद को शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि थाना तावड़ू में दर्ज एक FIR की जांच से नाम हटाने के लिए महिला पुलिसकर्मी ने रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी पहले ही 5 हजार रुपये ले चुकी थी और बाकी रकम के तौर पर 15 हजार रुपये की मांग कर रही थी।
शिकायत के बाद ब्यूरो ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद SV&ACB फरीदाबाद ने मामले की पुष्टि की और नियमानुसार कार्रवाई के लिए जाल बिछाया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को आरोपी महिला पुलिसकर्मी को बाकी रकम देने के लिए कहा गया। कार्रवाई के दौरान एल/एचसी प्रियंका को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
मामले में गुरुवार को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना SV&ACB, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की आगे की जांच जारी है। ब्यूरो की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा है। जांच के दौरान रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।


