पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी कलह तेज: चन्नी की बैठक के बाद तृप्त बाजवा का बड़ा बयान, रंधावा ने की अमित शाह से मुलाकात

Punjab

Punjab Desk: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के भीतर दरारें गहरी होती नजर आ रही हैं। एक तरफ जहां जालंधर से सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पार्टी हाईकमान से नाराज चल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा की भाजपा नेताओं के साथ मुलाकात ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।

चन्नी के घर जुटी दिग्गजों की फौज

पार्टी से चल रही नाराजगी के बीच चरणजीत सिंह चन्नी ने मोरिंडा स्थित अपने आवास पर कांग्रेस नेताओं की एक बड़ी बैठक बुलाई। इस बैठक में पंजाब कांग्रेस के कई दिग्गज नेता और पूर्व विधायक शामिल हुए, जिनमें प्रमुख नाम निम्नलिखित हैं:

पूर्व मंत्री व डिप्टी सीएम: तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, राणा गुरजीत सिंह, पूर्व डिप्टी सीएम ओपी सोनी, भारत भूषण आशू।

 विधायक व पूर्व विधायक: लाडी शेरोवालियां, काला ढिल्लों (बरनाला), गुरकीरत कोटली, गुरप्रीत कांगड़, नाजर सिंह मानशाहिया, परमिंदर सिंह पिंकी, दविंदर सिंह घुबाया, इंद्रबीर सिंह बुलारिया, लखबीर लक्खा, तरसेम डीसी, दर्शन बराड़, हरमिंदर सिंह गिल, मदनलाल जलालपुर, जोगिंदर पाल, दिनेश बस्सी, दलबीर गोल्डी, पिरमल सिंह।

 अन्य प्रमुख चेहरे: पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक, यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बरिंदर ढिल्लो और दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह।

“वड़िंग की प्रधानी मंजूर नहीं, फैसला बदले हाईकमान” – तृप्त बाजवा

बैठक खत्म होने के बाद पूर्व मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने मीडिया के सामने आकर पार्टी के रुख को स्पष्ट किया। बाजवा ने साफ तौर पर प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की लीडरशिप पर सवाल उठाए।

 “हाईकमान के साथ हमारा कोई मतभेद नहीं है। हम सब चाहते हैं कि पंजाब में अगली सरकार कांग्रेस की बने, लेकिन वर्तमान में जो फैसला लिया गया है, उससे नाराजगी है। हमें राजा वड़िंग की प्रधानी मंजूर नहीं है। हाईकमान को अपने इस फैसले पर दोबारा विचार (Reconsider) करना चाहिए। हमने चरणजीत सिंह चन्नी से कहा है कि वह हाईकमान से मिलने का समय लें, और वह जल्द ही दिल्ली जाकर मुलाकात करेंगे।” –तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा

सुखजिंदर रंधावा की अमित शाह से ‘गुपचुप’ मुलाकात

इसी खींचतान के बीच एक चौंकाने वाला घटनाक्रम दिल्ली में देखने को मिला। पंजाब कांग्रेस के दिग्गज नेता और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा अचानक दिल्ली पहुंच गए, जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ भाजपा के राज्यसभा सांसद तरुण चुघ भी मौजूद थे।

इस मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए रंधावा ने कहा:

“अभी इतने भी बुरे दिन नहीं आए हैं।”

“यह नौबत नहीं आनी चाहिए थी। बैठक होने के बावजूद नेताओं का संतुष्ट (Satisfied) न होना बेहद दुखद है।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *