Punjab Weather Update: 8 जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट, 20 जुलाई को कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी

Punjab

PUNJAB DESK : पंजाब में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला-बदला रहने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जहां राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी, वहीं कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और 20 जुलाई को कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने गुरुवार को फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा के लिए भीषण गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तापमान सामान्य से अधिक रहने और गर्म हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

18 जुलाई को भी रहेगा हीटवेव का असर

मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई को भी यही आठ जिले भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे और इनके लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

19 जुलाई को बारिश के बढ़ेंगे आसार

19 जुलाई को किसी भी जिले के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली, तरनतारन, मोगा, बरनाला और संगरूर में बारिश हो सकती है।

20 जुलाई को भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 20 जुलाई को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूरे पंजाब में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि भीषण गर्मी वाले इलाकों में दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। वहीं जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है, वहां जलभराव और यातायात संबंधी परेशानियों को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *