चंडीगढ़: पंजाब में शिरोमणि अकाली दल को एक और बड़ा झटका देते हुए, पार्टी के महासचिव और एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले जगदीश सिंह चीमा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं। अमलोह और फतेहगढ़ साहिब जैसी महत्वपूर्ण सीटों से चुनाव लड़ चुके चीमा के भाजपा में आने से पार्टी को माझा क्षेत्र में मजबूती मिलने की उम्मीद है।
चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान, पंजाब भाजपा के कार्यवाहक प्रभारी अश्विनी शर्मा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विशेष मौजूदगी में जगदीश चीमा को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। जगदीश सिंह चीमा के पिता, स्वर्गीय रणधीर सिंह चीमा, अकाली दल के दिग्गज नेता थे और पंजाब में तीन बार कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।
इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “पंजाब की जनता कांग्रेस, अकाली दल और अब आम आदमी पार्टी की सरकारें देख चुकी है। लोग अब बदलाव चाहते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुके हैं।”
सैनी ने दावा किया कि पंजाब के लोग उनसे मिलते हैं और कहते हैं कि उन्होंने ‘आप’ को चुनकर गलती कर दी है। उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी ने जो सब्ज़बाग दिखाए थे, वे सब खोखले साबित हुए हैं और आज पंजाब की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।”
हाल ही में राज्य में आई आपदा का जिक्र करते हुए सीएम सैनी ने भगवंत मान सरकार पर असंवेदनशील होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, पंजाब इतनी बड़ी आपदा से जूझ रहा था, लेकिन ‘आप’ सरकार ने गंभीरता दिखाने के बजाय इस पर भी सियासत की। हरियाणा ने छोटा भाई होने का फर्ज निभाया और हरसंभव मदद भेजी।
उन्होंने दिल्ली के चुनावी नतीजों का उदाहरण देते हुए कहा, दिल्ली में तो लोगों ने आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ कर ही दिया है। अब पंजाब के लोग भी ‘आप’ की असलियत जान चुके हैं और यहां भी इन्हें सत्ता से बाहर करने की पूरी तैयारी है।
