पटियाला: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में सजायाफ्ता बलवंत सिंह राजोआना ने जेल से श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार कुलदीप सिंह गढ़गज्ज को एक पत्र भेजा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रमुख सिख नेताओं को श्री अकाल तख्त साहिब पर तलब करने की मांग की है।
31 वर्षों से जेल में बंद, दया याचिका पर फैसले में देरी से दुखी
राजोआना ने पत्र में लिखा कि वे पिछले 31 सालों से जेल में बंद हैं और आगामी 31 जुलाई को उन्हें फांसी की चक्की (फांसी की कालकोठरी) में रहते हुए 19 वर्ष पूरे हो जाएंगे। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से उनकी मृत्युदंड की सजा को उम्रकैद/रहम में बदलने के लिए दायर की गई अपील पर 15 साल बीत जाने के बाद भी केंद्र सरकार ने कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, जबकि नियमत: यह फैसला 6 महीने के भीतर हो जाना चाहिए था।
जत्थेदार से लगाई गुहार
राजोआना ने जत्थेदार साहिब से अपील की है कि वे बीजेपी के सिख नेतृत्व को श्री अकाल तख्त साहिब पर बुलाकर इस अत्यधिक देरी का स्पष्टीकरण और जवाब मांगें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में मांग की है कि या तो उन्हें सत्ताधारियों की राजनीतिक साजिशों से मुक्त कराया जाए, या फिर SGPC को केंद्र सरकार के पास लंबित अपनी दया याचिका को तुरंत वापस लेने का आदेश दिया जाए।


