Entertainment Desk। टीवी अभिनेत्री सान्वी तलवार ने अभिनेता करण कुंद्रा के साथ हुए पुराने विवाद पर पहली बार विस्तार से बात की है। दोनों ने साल 2015 में टीवी शो ‘ये कहां आ गए हम’ में साथ काम किया था। उस दौरान सेट पर दोनों के बीच कथित थप्पड़ विवाद काफी सुर्खियों में रहा था। अब सान्वी ने एक इंटरव्यू में उस घटना को लेकर अपना पक्ष साझा किया है।
टेली मसाला को दिए इंटरव्यू में सान्वी ने बताया कि वह सेट पर करण कुंद्रा के साथ ज्यादा बातचीत नहीं करती थीं। उनके मुताबिक, यही बात करण और शो के डायरेक्टर को पसंद नहीं आती थी और उन्हें इस वजह से परेशान किया जाता था। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय उन्हें शो से रिप्लेस किए जाने की बातें भी सुनने को मिली थीं।
सान्वी ने शो के एक किसिंग सीन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि शूटिंग के दौरान करण कुंद्रा ने डायरेक्टर के निर्देश मिलने से पहले ही उन्हें किस कर लिया। अभिनेत्री के अनुसार, उन्हें यह व्यवहार अनुचित लगा और उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए करण को थप्पड़ मार दिया।
एक्ट्रेस का दावा है कि उस समय करण ने कोई जवाब नहीं दिया और वहां से चले गए। हालांकि, करीब 10 से 15 मिनट बाद लौटकर उन्होंने सबके सामने उन्हें जोरदार थप्पड़ मारा, जिससे वह जमीन पर गिर गईं। सान्वी ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान करण ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उनके परिवार के बारे में भी आपत्तिजनक बातें कहीं। उन्होंने कहा कि उस वक्त सेट पर मौजूद किसी व्यक्ति ने उनका साथ नहीं दिया।
घटना के बाद सान्वी ने शूटिंग छोड़कर घर लौटने का फैसला कर लिया था और दोबारा शो में काम नहीं करने की ठान ली थी। हालांकि, उनके मुताबिक बाद में निर्माता एकता कपूर ने उनसे बात की, करण की ओर से माफी मांगी और शो न छोड़ने का अनुरोध किया। सान्वी ने बताया कि एकता की बात मानते हुए उन्होंने दोबारा शूटिंग शुरू कर दी। फिलहाल, करण कुंद्रा की ओर से सान्वी तलवार के इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


