Entertainment Desk। दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बाद कई बॉलीवुड कलाकारों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। अनुपम खेर, रत्ना पाठक शाह, सीमा पाहवा और राजकुमार राव ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी और इस पूरे मामले पर अलग-अलग दृष्टिकोण साझा किए।
अनुपम खेर ने छात्रों का समर्थन किया, राजनीतिक हस्तक्षेप से सतर्क रहने की दी सलाह
अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपनी मांग रखने का पूरा अधिकार है और उनके साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन सबसे ईमानदार आंदोलनों में से एक होता है, क्योंकि छात्र अपने भविष्य, अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आवाज उठाते हैं। साथ ही उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अपने आंदोलन को बाहरी राजनीतिक हस्तक्षेप से बचाकर रखें। उनके अनुसार, कई बार राजनीतिक दल आंदोलन का इस्तेमाल अपने हितों के लिए करने लगते हैं, जिससे मूल मुद्दा पीछे छूट जाता है।
रत्ना पाठक शाह ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
सीनियर अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह ने भी एक वीडियो जारी कर छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने महाभारत के एकलव्य और द्रोणाचार्य के प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि किसी छात्र का भविष्य दांव पर लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में छात्रों से संवाद स्थापित करने की जरूरत है और उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। रत्ना पाठक शाह ने यह भी कहा कि उनकी पीढ़ी समय रहते शिक्षा व्यवस्था की खामियों को दूर नहीं कर सकी, जिसके लिए उन्हें अफसोस है। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वे छात्रों के साथ खड़ी रहेंगी।
सीमा पाहवा ने फिल्म इंडस्ट्री की चुप्पी पर जताई नाराजगी
अभिनेत्री सीमा पाहवा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर छात्रों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्रों और उनके परिवारों के साथ जो कुछ हो रहा है, उसे देखकर दुख होता है। सीमा पाहवा ने फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े कलाकारों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को ऐसे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखनी चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आजमी की भी सराहना की, जो छात्रोंअभिनेता राजकुमार राव ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब युवाओं को लगता के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचीं।
राजकुमार राव बोले- बातचीत से निकलेगा समाधान
अभिनेता राजकुमार राव ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब युवाओं को लगता है कि उनकी आवाज नहीं सुनी जा रही, तो समाज और व्यवस्था दोनों को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की बात सम्मान और निष्पक्षता के साथ सुनी जानी चाहिए। राजकुमार राव ने हिंसा से बचने और संवाद के जरिए समाधान निकालने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए बातचीत और आपसी समझ सबसे जरूरी है।
क्या है पूरा मामला?
NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर देश के कई हिस्सों में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी विभिन्न छात्र संगठनों के नेतृत्व में प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, जवाबदेही तय करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। इसी दौरान संसद की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ, जिसके बाद पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने का मामला चर्चा में आ गया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर व्यापक बहस देखने को मिल रही है।


