जालंधर: पंजाब के जालंधर शहर से कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। शहर में अवैध कॉलोनियां काटने के मामलों में अक्सर विवादों में रहने वाले एक रसूखदार प्रॉपर्टी कारोबारी के बेटे पर राह चलती युवती के साथ सरेराह बदसलूकी करने और उसे जबरन कार में खींचने के प्रयास का गंभीर आरोप लगा है।
पीपीआर मार्केट के पास सरेराह गुंडागर्दी
सूत्रों के मुताबिक, घटना पीपीआर मार्केट के पास की है। आरोप है कि रईसजादे ने पहले युवती को रास्ते में रोका और उस पर अभद्र टिप्पणियां कीं। इसके बाद उसने जबरन युवती को अपनी कार में बैठाने की कोशिश की। युवती ने जब इसका कड़ा विरोध किया, तो मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
CCTV फुटेज में हाथापाई का खुलासा
वारदात वाली जगह के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज से यह साफ हुआ है कि आरोपी और युवती के बीच सड़क पर हाथापाई हुई थी। सीसीटीवी फुटेज इस बात का पुख्ता सबूत है कि पीड़िता के साथ बदसलूकी की गई।
महिला इंस्पेक्टर के थाने में ही ‘पहुंच’ के आगे बेबस हुई पीड़िता!
सड़क पर हुए इस हंगामे के बाद मामला संबंधित थाने तक पहुंचा, जहां संयोग से एक महिला इंस्पेक्टर तैनात हैं। आरोप है कि शातिर प्रॉपर्टी कारोबारी ने अपने रसूख और पुलिस से कथित मिलीभगत का इस्तेमाल कर अपने बेटे को बचाने का खेल रचा।
-
ड्राइवर के सिर मढ़ा दोष: रईसजादे को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए पूरी कहानी बदल दी गई और कार के ड्राइवर को आगे कर पीड़िता के साथ उसका राजीनामा (समझौता) करवा दिया गया।
-
पीड़िता की बेबसी: पीड़िता अकेली थी और दूसरी तरफ पैसे और रसूख की बड़ी ताकत थी। थाने में कोई सुनवाई न होने और भारी दबाव के कारण पीड़िता को इस समझौते के आगे बेबस होना पड़ा।
15 साल पुराना इतिहास: पहले भी कर चुका है ऐसी हरकत
सूत्रों का कहना है कि आरोपी रईसजादे का यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब 15 साल पहले भी इस प्रॉपर्टी कारोबारी के बेटे ने जीटीबी नगर (GTB Nagar) इलाके में एक लड़की से छेड़छाड़ की थी। उस समय भी मामला काफी गर्माया था, लेकिन तब भी पुलिस ने प्रभाव का इस्तेमाल कर आरोपियों का राजीनामा करवा दिया था।
सरेराह हुई इस वारदात और उसके बाद पुलिस की मौजूदगी में हुए इस तरह के समझौते को लेकर अब शहर के लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

