यमुनानगर। जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ महज़ 11 साल की एक मासूम बच्ची दुष्कर्म का शिकार होकर माँ बन गई है। पाँचवीं कक्षा में पढ़ने वाली पीड़िता ने एक नवजात बच्ची को जन्म दिया है। फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
यह मामला तब उजागर हुआ था जब स्कूल में पढ़ाई के दौरान छात्रा के पेट में अचानक तेज दर्द हुआ। परिजनों और डॉक्टरों द्वारा जाँच कराए जाने पर पता चला कि नाबालिग उस समय सात महीने की गर्भवती थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही छछरौली थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ‘चाइल्ड वेलफेयर कमेटी’ (CWC) की टीम ने अस्पताल पहुँचकर पीड़िता के स्वास्थ्य और सुरक्षा की जानकारी ली। कमेटी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि जच्चा-बच्चा दोनों को विशेष चिकित्सीय निगरानी में रखा जाए। वहीं, परिजनों की सहमति के बाद नवजात बच्ची को आगे के पालन-पोषण और सुरक्षा के लिए CWC की टीम को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


