सोहना: सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग पर निमोठ स्टैंड के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्राला बुजुर्ग को टक्कर मारने के बाद करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने निमोठ स्टैंड पर सड़क जाम कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। एसीपी के लिखित आश्वासन के बाद लगभग दो घंटे बाद जाम खोला जा सका।
खेत से घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान निमोठ गांव निवासी 70 वर्षीय शीशराम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वे बुधवार शाम करीब 5 बजे खेत से मवेशियों को चारा चराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय बल्लभगढ़ की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राला ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग पहियों के नीचे फंस गए और ट्राला उन्हें 100 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ब्रेकर न बनने से भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि वे इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन और एसडीएम को कई बार लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण आए दिन यहाँ हादसे हो रहे हैं।
2 घंटे थमे रहे वाहनों के पहिए, कई किलोमीटर लंबा जाम
सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलने पर एसीपी मुकेश यादव और सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीण फरार चालक की गिरफ्तारी और तुरंत स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग पर अड़े रहे। एसीपी मुकेश यादव द्वारा जल्द ब्रेकर बनवाने और आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिए जाने के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
पुलिस की कार्रवाई
सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्राला को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।


