हिसार: हरियाणा के हिसार स्थित दयानंद कॉलोनी में बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कांवड़ियों की भीड़ के बीच मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश बदमाशों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी। 5 से 6 हमलावरों ने करीब 6 राउंड गोलियां चलाईं, जिसकी चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
भांजे को कांवड़ यात्रा के लिए छोड़ने आया था परिवार
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गोविंद (36) अपनी पत्नी निशा (30) और 12 वर्षीय बेटी बीरा उर्फ गुन्नू के साथ अपने भांजे को कांवड़ यात्रा के लिए रवाना करने आए थे। इसी दौरान नकाबपोश हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के भीड़ पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई। तीनों घायलों को तुरंत पास के जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस जांच शुरू, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। इस वारदात के बाद से इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
दो संदिग्धों की पहचान, पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में दो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। इन दोनों के खिलाफ पहले से भी आर्म्स एक्ट के तहत आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।


