जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने शहर के पॉश इलाके ‘छोटी बारादरी पार्ट-2’ में चल रहे एक देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ‘ग्रैंड स्पा सेंटर’ की आड़ में चलाए जा रहे इस रैकेट के संचालक समेत तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रेड के दौरान पुलिस ने मौके से विदेशी युवतियों और ग्राहकों सहित 3 लोगों को हिरासत में लिया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की छापेमारी
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के अनुसार, थाना डिवीजन नंबर-7 के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि स्पा सेंटर में अवैध धंधा चलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने ग्रैंड स्पा सेंटर पर तुरंत दबिश दी, पुलिस ने मौके से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिनसे पूछताछ जारी है। स्पा सेंटर की तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक चीजें मिलीं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाहर से महिलाओं और विदेशी लड़कियों को पैसों का लालच देकर लाया जाता था और उनसे यह काम करवाया जाता था।
मालिक की तलाश में छापेमारी तेज
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही स्पा सेंटर का मुख्य संचालक राजेश कुमार उर्फ साबी (निवासी गांव दयालपुरा, कपूरथला / हाल निवासी संत नगर, लाडोवाली रोड) मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई: पुलिस ने फरार मालिक राजेश कुमार के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


