HomeHaryanaबबीता फोगाट के घर गूंजी किलकारी, दूसरी बार बनीं मां; शिवरात्रि पर...

बबीता फोगाट के घर गूंजी किलकारी, दूसरी बार बनीं मां; शिवरात्रि पर बेटी के जन्म को बताया महादेव का आशीर्वाद

Haryana Desk: ‘दंगल गर्ल’ के नाम से पहचान बनाने वाली भारतीय पहलवान बबीता फोगाट दूसरी बार मां बन गई हैं। उन्होंने दिल्ली के शालिमार बाग स्थित एक निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया है। बबीता ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की। बबीता ने अस्पताल से एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह बेड पर लेटी नजर आ रही हैं और उनके पास उनकी नवजात बेटी दिखाई दे रही है। हालांकि, उन्होंने बच्ची का चेहरा तस्वीर में नहीं दिखाया है।

शिवरात्रि पर बेटी के जन्म को बताया खास आशीर्वाद

बबीता फोगाट ने बेटी के जन्म को भगवान शिव का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि महादेव की कृपा से शिवरात्रि के पावन दिन उनके घर नन्ही बेटी का आगमन हुआ है। उन्होंने अपनी बेटी को मां पार्वती का स्वरूप बताते हुए इसे अपने और पूरे परिवार के लिए अनमोल आशीर्वाद बताया। साथ ही बबीता ने सोशल मीडिया पर लोगों से अपनी बेटी को आशीर्वाद देने की अपील की।

पहले से एक बेटे की मां हैं बबीता

बबीता फोगाट पहले से एक बेटे की मां हैं। उन्होंने 11 जनवरी 2021 को बेटे युवराज को जन्म दिया था। उनके पति विवेक सुहाग भी पहलवान हैं और भारत केसरी का खिताब जीत चुके हैं। अब बेटी के जन्म के साथ बबीता और विवेक के परिवार में एक और सदस्य जुड़ गया है। बेटी के जन्म की खबर सामने आने के बाद फैंस और शुभचिंतकों की ओर से उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं।

गीता और बबीता की कहानी पर बनी थी ‘दंगल’

बबीता फोगाट और उनकी बहन गीता फोगाट हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बलाली गांव से हैं। दोनों बहनों के कुश्ती करियर और उनके पिता महावीर फोगाट के संघर्ष पर आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ बनाई गई थी। फिल्म में दोनों बहनों की कुश्ती की यात्रा और परिवार के संघर्ष को दिखाया गया था। रिलीज के बाद ‘दंगल’ ने देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन किया और यह भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में शामिल हुई।

कुश्ती के बाद राजनीति में भी सक्रिय रहीं

रेसलिंग में पहचान बनाने के बाद बबीता फोगाट ने राजनीति में भी कदम रखा। वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के टिकट पर हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। खेल और राजनीति के अलावा बबीता सामाजिक मुद्दों पर भी अपनी राय रखती रही हैं। अब दूसरी बार मां बनने के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है और फैंस उन्हें इस नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments