Sports Desk: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला हमेशा से फैंस के लिए खास रहा है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज लंबे समय से नहीं खेली जाती, ऐसे में फैंस को भारत-पाकिस्तान मैच का इंतजार किसी बड़े टूर्नामेंट में ही रहता है। एशिया कप और आईसीसी टूर्नामेंट में दोनों टीमें अक्सर आमने-सामने आती हैं। हालांकि, 2026 एशियन गेम्स में फैंस को दोनों टीमों की भिड़ंत के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
2026 एशियन गेम्स के क्रिकेट मुकाबलों में भारत और पाकिस्तान की टीमें लीग स्टेज में एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेलेंगी। दोनों देशों के बीच मुकाबला तभी संभव है, जब वे मेडल राउंड तक पहुंचें। यानी भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल के फाइनल या ब्रॉन्ज मेडल के लिए तीसरे स्थान के प्लेऑफ में भिड़ंत हो सकती है। महिलाओं की प्रतियोगिता में भी ड्रॉ का पैटर्न कुछ ऐसा ही रखा गया है।
2026 एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा, जबकि क्रिकेट मुकाबले 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेले जाएंगे। क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत महिला मुकाबलों से होगी और महिला वर्ग का फाइनल 22 सितंबर को निर्धारित है। इसके बाद पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता खेली जाएगी।
पुरुषों के क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि महिला वर्ग में 8 टीमें मैदान पर उतरेंगी। पुरुष प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। वहीं, अफगानिस्तान समेत बाकी छह टीमों को ग्रुप स्टेज के जरिए क्वार्टर फाइनल में पहुंचना होगा।
ड्रॉ के मुताबिक भारत क्वार्टर फाइनल-2 में खेलेगा, जबकि पाकिस्तान क्वार्टर फाइनल-1 में उतरेगा। दोनों क्वार्टर फाइनल मुकाबले 28 सितंबर को खेले जाएंगे। इन मैचों में भारत और पाकिस्तान के सामने ग्रुप स्टेज से क्वालीफाई करने वाली टीमें होंगी।
इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले 1 अक्टूबर को होंगे। क्वार्टर फाइनल-2 जीतने वाली टीम का सामना क्वार्टर फाइनल-3 के विजेता से होगा, जबकि क्वार्टर फाइनल-1 की विजेता टीम क्वार्टर फाइनल-4 की विजेता से भिड़ेगी।
इस समीकरण के कारण भारत और पाकिस्तान की टीमें सेमीफाइनल में भी एक-दूसरे से नहीं टकरा सकतीं। दोनों की भिड़ंत सिर्फ मेडल मुकाबले में संभव है। अगर दोनों टीमें फाइनल तक पहुंचती हैं तो 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल के लिए आमना-सामना होगा। वहीं, अगर दोनों सेमीफाइनल में हार जाती हैं तो इसी दिन ब्रॉन्ज मेडल के लिए तीसरे स्थान के प्लेऑफ में एक-दूसरे के खिलाफ उतर सकती हैं।
अफगानिस्तान के अलावा नेपाल, हांगकांग, चीन, जापान, मलेशिया और ओमान ग्रुप स्टेज में हिस्सा लेने वाली टीमों में शामिल हैं। ऐसे में भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए फैंस को लीग स्टेज के बजाय टूर्नामेंट के आखिरी दौर का इंतजार करना होगा।


