Entertainment Desk: सलमान खान एक बार फिर टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के नए सीजन के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। ‘बिग बॉस 20’ का ट्रेलर मेकर्स ने रिलीज कर दिया है, जिसमें सलमान खान का अंदाज काफी दमदार नजर आ रहा है। घोड़े पर सवार होकर उनकी एंट्री और युद्ध के मैदान जैसा सेटअप ट्रेलर को किसी वेब सीरीज से कम नहीं बना रहा है।
‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर को JioHotstar और Colors पर होने वाला है। इस बार शो की थीम भी काफी खास बताई जा रही है। मेकर्स ने इसे ‘करण अर्जुन’ जैसी थीम से जोड़ते हुए गेम में कई नए ट्विस्ट शामिल करने के संकेत दिए हैं।
‘बिग बॉस 20’ में मिलेगा एक्स्ट्रा जीवनदान
ट्रेलर में सलमान खान शो के सबसे बड़े ट्विस्ट से पर्दा उठाते हुए नजर आते हैं। वह बताते हैं कि इस बार कंटेस्टेंट्स को गेम में बने रहने के लिए ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ मिलेगा। ट्रेलर में ‘तथास्तु-2’ की टैगलाइन भी दिखाई गई है, जो शो के नए कॉन्सेप्ट को और दिलचस्प बना रही है।
ट्रेलर में दो योद्धाओं के बीच युद्ध जैसा माहौल दिखाई देता है। इसी दौरान घोड़े पर सवार सलमान खान की एंट्री होती है। वह गेम के नए नियम का जिक्र करते हुए ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ की बात करते हैं।
कैसे काम करेगा जीवनदान का ट्विस्ट?
मेकर्स ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ की यह लाइफलाइन किस तरह काम करेगी। हालांकि, ट्रेलर से इतना जरूर साफ है कि किसी कंटेस्टेंट को शो से बाहर होने के बाद या एलिमिनेशन के दौरान एक अतिरिक्त मौका मिल सकता है।
सलमान खान भी इस ट्विस्ट को लेकर सस्पेंस बनाए रखते हैं। वह कहते हैं कि ‘बिग बॉस’ में हर साल गेम बदलता है, लेकिन इस बार सिर्फ गेम ही नहीं बल्कि इसे खेलने का तरीका भी बदलेगा। उनके मुताबिक, ‘जीवनदान’ जितना आसान सुनाई देता है, असल में उतना सीधा-सादा नहीं है। इसकी पूरी जानकारी कंटेस्टेंट्स के घर में पहुंचने के बाद ही सामने आएगी।
इस बार फॉर्मेट में होंगे बड़े बदलाव
‘बिग बॉस 20’ के फॉर्मेट को लेकर भी मेकर्स पहले ही संकेत दे चुके हैं। JioStar के हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस के हेड आलोक जैन के मुताबिक, सीजन 20 अपने आप में एक बड़ा पड़ाव है। इसलिए इस बार शो के फॉर्मेट को भी ज्यादा इनोवेटिव बनाने की तैयारी है। माना जा रहा है कि इस सीजन में गेमप्ले की नई लेयर्स देखने को मिलेंगी। कंटेस्टेंट्स को सिर्फ टास्क और रिश्तों के दम पर नहीं, बल्कि बेहतर रणनीति बनाकर भी गेम खेलना होगा।
इन सितारों के नामों की चर्चा
फिलहाल मेकर्स ने ‘बिग बॉस 20’ के कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक लिस्ट जारी नहीं की है। हालांकि, कई टीवी और सोशल मीडिया सितारों के नाम संभावित कंटेस्टेंट्स के तौर पर सामने आ रहे हैं। इनमें अर्जुन बिजलानी, निया शर्मा, करण पटेल और जन्नत जुबैर जैसे नाम शामिल हैं। अब देखना होगा कि इनमें से कौन-कौन वास्तव में ‘बिग बॉस 20’ के घर में एंट्री करता है। फिलहाल सलमान खान का नया अवतार और ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ वाला ट्विस्ट दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है।


