मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में है। हाल ही में गोविंदा को उनकी आगामी फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर देखा गया था। इसके बाद शुक्रवार को दोनों एक बार फिर साथ नजर आए। पैपराजी ने जब इस बारे में सुनीता से सवाल किया तो वह नाराज हो गईं और उन्होंने गोविंदा के व्यवहार पर जमकर निशाना साधा।
सुनीता ने गोविंदा को कहा ‘शुगर डैडी’
गोविंदा और कोमल रानी के लगातार साथ नजर आने को लेकर सवाल पूछे जाने पर सुनीता ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आमतौर पर किसी फिल्म का प्रमोशन फिल्म बनने के बाद शुरू होता है, लेकिन यहां फिल्म पूरी होने से पहले ही साथ घूमने का सिलसिला शुरू हो गया है।
सुनीता ने गोविंदा पर तंज कसते हुए कहा कि वह अपनी बेटी की उम्र की लड़की के साथ घूम रहे हैं और उन्हें इस पर शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कोमल के पहनावे पर भी टिप्पणी की और गोविंदा को ‘शुगर डैडी’ कहते हुए कटाक्ष किया। सुनीता ने यह भी कहा कि गोविंदा का दिमाग खराब हो चुका है।
फैंस की ट्रोलिंग पर भी दिया जवाब
इस विवाद के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर गोविंदा को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं। इससे पहले भी कोमल रानी के साथ गोविंदा की तस्वीरें सामने आने पर सुनीता ने ‘विनाश काले विपरीत बुद्धि’ कहकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
जब पैपराजी ने सुनीता से उन फैंस की प्रतिक्रिया के बारे में पूछा, जो गोविंदा को ‘हीरो नंबर 1’ से ‘चीटर नंबर 1’ कह रहे थे, तो उन्होंने उन लोगों को भी जवाब दिया जिन्होंने पहले गोविंदा के कथित अफेयर को लेकर उन्हें ट्रोल किया था। सुनीता ने साफ कर दिया कि वह अब इस मामले पर किसी तरह की सफाई या सवाल का जवाब देने में दिलचस्पी नहीं रखतीं।
कोमल के बचाव में उतरे गोविंदा
वहीं, विवाद बढ़ने के बाद गोविंदा ने अपनी को-स्टार कोमल रानी का बचाव किया। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह कोमल के आभारी हैं, क्योंकि विवादों में घसीटे जाने के बावजूद उन्होंने किसी के खिलाफ गलत बयान नहीं दिया।
गोविंदा ने कोमल को शांत स्वभाव की कलाकार बताया और कहा कि वह विवादों के जरिए रातों-रात लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश नहीं कर रही हैं। इस पूरे मामले के बीच गोविंदा और सुनीता के बयानों ने एक बार फिर उनके रिश्ते और कोमल रानी के साथ अभिनेता की नजदीकियों को चर्चा में ला दिया है।


