कुरुक्षेत्र: ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत पुलिस ने नशीले पदार्थ की सप्लाई के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के नीमच जिले के सीमखेड़ा गांव निवासी मंगल पंवार के रूप में हुई है। पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
कैंटर से बरामद हुआ था 326 किलो से अधिक चूरा पोस्त
मामला 24 जुलाई 2024 का है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम अपराध की तलाश में मुर्तजापुर बस अड्डे के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस ने नाकाबंदी कर राष्ट्रीय राजमार्ग-152डी पर एक कैंटर को रोककर उसके चालक को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, कैंटर चालक की पहचान हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बरोड़ निवासी देवराज के रूप में हुई थी। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में कैंटर की तलाशी ली गई तो उसमें आठ कट्टों से कुल 326 किलो 560 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
सप्लाई से जुड़े अन्य आरोपी भी हुए गिरफ्तार
बरामदगी के बाद थाना सदर पिहोवा में नशीले पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। सहायक उप निरीक्षक सुशील कुमार ने कैंटर चालक देवराज को गिरफ्तार किया था।
इसके दो दिन बाद, 26 जुलाई को एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने मामले में नशीला पदार्थ मंगवाने के आरोप में हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बददु निवासी सोहन लाल और सिमानी निवासी सुनील दत्त को भी गिरफ्तार किया था।
अब पुलिस ने इस मामले में वांछित मंगल पंवार को भी गिरफ्तार कर लिया है। उस पर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।


