गाले: भारत और श्रीलंका के बीच गाले में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले पर बारिश का असर लगातार बना हुआ है। मैच के पहले दो दिनों में बारिश के कारण 64 ओवर का खेल गंवाया जा चुका है। पहले दिन सिर्फ 73 ओवर का खेल हो सका, जबकि दूसरे दिन तो हालात और भी खराब रहे। दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर खेल शुरू हो पाया और पूरे दिन केवल 43 ओवर ही फेंके जा सके।
आज गाले में कैसा रहेगा मौसम?
टेस्ट शुरू होने से पहले ही गाले में पांचों दिनों बारिश की आशंका जताई गई थी। मैच के तीसरे दिन भी बारिश खेल में खलल डाल सकती है, हालांकि दूसरे दिन जैसी स्थिति बनने की संभावना कम है। एक्यूवेदर के मुताबिक, दोपहर 2 बजे बारिश की संभावना सबसे ज्यादा 52 प्रतिशत है। इसके अलावा सुबह 9 बजे और 10 बजे भी बारिश की 51 प्रतिशत संभावना जताई गई है।
दूसरे दिन भारत के गिरे 7 विकेट
पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो विकेट पर 288 रन बना लिए थे। हालांकि दूसरे दिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने वापसी की और भारत के सात विकेट चटकाए। दूसरी नई गेंद मिलने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ाने लगी। 303 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा और इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे।
दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम 9 विकेट पर 460 रन बना चुकी थी। ऐसे में तीसरे दिन भारत की कोशिश होगी कि वह आखिरी विकेट के साथ स्कोर को और बड़ा करे।
WTC फाइनल की रेस में हर टेस्ट अहम
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भारतीय टीम फिलहाल पांचवें स्थान पर है। 9 मैचों के बाद भारत के खाते में 48.15 प्रतिशत अंक हैं। अगर गाले टेस्ट ड्रॉ रहता है तो भारत का प्रतिशत घटकर 46.67 हो जाएगा, जिससे WTC फाइनल की राह और मुश्किल हो सकती है।
भारत को आगे न्यूजीलैंड में दो टेस्ट मैच खेलने हैं, जहां जीत हासिल करना आसान नहीं होगा। इसके बाद घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी खेलनी है। ऐसे में गाले टेस्ट में नतीजा भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अगर यह मुकाबला ड्रॉ होता है, तो फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को अपने बाकी आठ टेस्ट में से सात मैच जीतने की जरूरत पड़ सकती है।


