नई दिल्ली: बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु को चीन की वांग झी ई के हाथों हार का सामना करना पड़ा। गुरुवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में तीसरी वरीयता प्राप्त वांग झी ई ने सिंधु को 21-11, 15-21, 21-17 से हराया। इस हार के साथ सिंधु का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
विश्व चैंपियनशिप में चीनी खिलाड़ी के खिलाफ पहली हार
वांग झी ई के खिलाफ मिली हार विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में चीनी खिलाड़ियों के खिलाफ सिंधु की पहली हार है। इससे पहले इस टूर्नामेंट में सिंधु का चीन की खिलाड़ियों के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा था। उन्होंने लगातार आठ मुकाबले जीतते हुए 8-0 का रिकॉर्ड बनाया था।
हालांकि, इस बार वांग झी ई ने सिंधु के खिलाफ बेहतरीन रणनीति और दमदार खेल का प्रदर्शन किया। तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में उन्होंने भारतीय स्टार को मात देकर सिंधु की विश्व चैंपियनशिप में चीनी खिलाड़ियों के खिलाफ लगातार जीत का सिलसिला तोड़ दिया।


