नई दिल्ली: भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर विश्व कप 2026 के दूसरे राउंड में जगह बना ली है। पूल डी के आखिरी मुकाबले में मिली इस जीत के बाद भारत के तीन मैचों में 6 अंक हो गए। वहीं इंग्लैंड 9 अंकों के साथ पूल में शीर्ष पर रहा।
दूसरे राउंड में भारत और इंग्लैंड के अलावा नीदरलैंड्स का पहुंचना लगभग तय है। चौथी टीम अर्जेंटीना और न्यूजीलैंड में से कोई एक होगी। दूसरे राउंड में भारत और इंग्लैंड एक ही ग्रुप में जरूर हैं, लेकिन दोनों के बीच दोबारा मुकाबला नहीं होगा।
इंग्लैंड से मिली हार का असर
पहले राउंड में इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से हराया था। दूसरे राउंड के लिए पहले चरण में आमने-सामने खेलने वाली टीमों के बीच मैच के अंक आगे भी गिने जाते हैं। हालांकि भारत के लिए इंग्लैंड के खिलाफ हार के कारण कोई अंक आगे नहीं गया, जबकि इंग्लैंड 3 अंकों के साथ दूसरे राउंड में पहुंचेगा।
भारत को अब दूसरे राउंड में दो मुकाबले खेलने हैं। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम को दोनों मैच जीतने होंगे। इसके अलावा भारत को दूसरे मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
नीदरलैंड्स की चुनौती सबसे बड़ी
भारत के लिए दूसरे राउंड में नीदरलैंड्स की चुनौती सबसे मुश्किल मानी जा रही है। नीदरलैंड्स 2024 पेरिस ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता टीम है। पिछले चार विश्व कप में वह दो बार फाइनल खेल चुकी है और दो बार तीसरे स्थान पर रही है। उसके नाम तीन विश्व कप खिताब भी हैं।
इस विश्व कप में नीदरलैंड्स ने अर्जेंटीना और न्यूजीलैंड को हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
3 अंक के साथ दूसरे राउंड में पहुंचेगा नीदरलैंड्स
पहले राउंड में एक ही ग्रुप से दूसरे राउंड में पहुंचने वाली टीमों के बीच हुए मुकाबले के अंक भी अगले चरण में जोड़े जाते हैं। नीदरलैंड्स ने अर्जेंटीना और न्यूजीलैंड दोनों को हराया है। इसलिए इनमें से जो भी टीम दूसरे राउंड में पहुंचेगी, नीदरलैंड्स उसके खिलाफ जीत के 3 अंकों के साथ अगले चरण में प्रवेश करेगा।
ऐसे में भारत को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अपने दोनों मुकाबले जीतने होंगे। टीम इंडिया का गोल अंतर फिलहाल -2 है, इसलिए उसे केवल जीत ही नहीं, बल्कि बेहतर गोल अंतर बनाने की भी जरूरत होगी।


