नई दिल्ली: टेलीविजन अभिनेता गौरव खन्ना इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ से जुड़े विवादों को लेकर चर्चा में हैं। उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला और शो की को-स्टार शगुन शर्मा के बयानों के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अब इस विवाद में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के कंटेस्टेंट ओरहान अवात्रामणि यानी ओरी भी शामिल हो गए हैं।
ओरी ने सोशल मीडिया के जरिए गौरव खन्ना का खुलकर समर्थन किया और आकांक्षा चमोला व शगुन शर्मा के दावों पर प्रतिक्रिया दी। दरअसल, इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में दोनों महिलाओं के गौरव को लेकर दिए गए बयानों का जिक्र किया गया था। पोस्ट में यह दावा भी किया गया कि आकांक्षा और शगुन एक ही टैलेंट एजेंसी से जुड़ी हुई हैं। इसी पोस्ट पर कमेंट करते हुए ओरी ने गौरव का बचाव किया।
आकांक्षा पर ओरी ने लगाए गंभीर आरोप
ओरी ने अपने कमेंट में आकांक्षा चमोला पर गौरव की लोकप्रियता का फायदा उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आकांक्षा कथित तौर पर गौरव की छवि खराब कर अपने व्यूज बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं।
ओरी ने यह भी बताया कि उन्हें पहले यह जानकारी नहीं थी कि गौरव शादीशुदा हैं। उनके मुताबिक, ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की केप टाउन में हुई शूटिंग के दौरान उन्होंने करीब एक महीने तक गौरव के साथ एक ही वैनिटी वैन साझा की थी।
ओरी ने आगे आकांक्षा के व्यवहार की आलोचना करते हुए उन्हें बेहद तीखी भाषा में निशाना बनाया और कहा कि किसी अच्छे इंसान की लोकप्रियता का फायदा उठाना और उसे मुश्किल स्थिति में डालना गलत है। इस तरह ओरी ने इस पूरे विवाद में गौरव खन्ना के पक्ष में अपनी स्थिति साफ कर दी है।


