HomePunjabअमृतसर में घर पर दो ग्रेनेड फेंके, तीन लोग घायल; बाइक सवार...

अमृतसर में घर पर दो ग्रेनेड फेंके, तीन लोग घायल; बाइक सवार हमलावरों की तलाश

अमृतसर। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे अमृतसर जिले के रमदास थाना क्षेत्र के गांव जटा में एक घर को निशाना बनाकर दो ग्रेनेड फेंके जाने की घटना से दहशत फैल गई। हमले में घर के शीशे टूट गए और परिवार के तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि फुटेज के आधार पर बाइक सवार हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि परिवार का किसी के साथ पुराना विवाद या रंजिश तो नहीं थी।

पुलिस से पहले मौके पर पहुंचे सेना के जवान

अकाली दल के नेता जौध सिंह समरा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस रात में मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले सेना के जवान वहां पहुंच चुके थे। उनके मुताबिक, सेना के जवानों ने मौके से मिले ग्रेनेड पुलिस को सौंप दिए, जिसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।

जौध सिंह समरा के अनुसार, गांव में घर को निशाना बनाकर दो ग्रेनेड फेंके गए। धमाके के कारण घर के शीशे टूट गए और परिवार के तीन सदस्य घायल हुए। उन्होंने सीमा से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव में हुई इस घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों और लोगों में भी डर बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस हमले के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने इसी घर को क्यों निशाना बनाया और उनके पास ग्रेनेड कहां से आए। पुलिस आसपास के रास्तों की सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों के आने-जाने के रूट का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments