जालंधर। शहर में दो कारों की जोरदार टक्कर के बाद एक इनोवा अनियंत्रित होकर बीकानेर स्वीट्स की दुकान में जा घुसी। बेकाबू इनोवा ने दुकान के बाहर खड़ी एक स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कार सीढ़ियों की रेलिंग से टकराकर रुक गई। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
हादसे के समय मिठाई की दुकान के मालिक बाहर खड़े थे। अचानक तेज रफ्तार इनोवा को अपनी ओर आता देख उन्होंने दौड़कर खुद को बचाने की कोशिश की। इस दौरान वह जमीन पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि उनके पैर और पसलियों में चोट लगी है।
टक्कर के बाद दुकान में घुसी इनोवा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों कारों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। टक्कर के बाद इनोवा चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे बीकानेर स्वीट्स की ओर जा घुसी। दुकान के बाहर खड़ी ग्राहक की स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। दोनों कारों के चालकों को भी मामूली चोटें आने की जानकारी है।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
सीसीटीवी फुटेज में दोनों कारों की टक्कर के बाद इनोवा को अनियंत्रित होकर दुकान की तरफ जाते देखा जा सकता है। कार ने बाहर खड़ी स्कूटी को टक्कर मारी और फिर सीढ़ियों की रेलिंग से टकराकर रुक गई। इसी दौरान दुकान का मालिक खुद को बचाने के लिए भागता नजर आता है और गिर जाता है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद थाना-6 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारी लखवीर सिंह ने बताया कि उन्हें दो कारों के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि एक इनोवा और एक किआ कार के बीच टक्कर हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतें ले ली गई हैं। टक्कर के बाद इनोवा बीकानेर शोरूम की तरफ जाकर टकराई थी। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ और इसमें किस चालक की गलती थी, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


