PUNJAB DESK : पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की सामूहिक हड़ताल के चलते आज सरकारी कामकाज प्रभावित रहने की संभावना है। कर्मचारियों ने अपने विभाग प्रमुखों से सामूहिक छुट्टी लेकर पूरे दिन हड़ताल पर रहने का फैसला किया है। इसके चलते सरकारी दफ्तरों के साथ अस्पतालों, डिस्पेंसरियों की ओपीडी और शिक्षण संस्थानों में भी सेवाएं प्रभावित होने की उम्मीद है। इसी बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान आज कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। यह बैठक दोपहर 1 बजे जालंधर में होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि कर्मचारी नेताओं ने साफ किया है कि मुख्यमंत्री के साथ बातचीत होने के बावजूद आज की हड़ताल जारी रहेगी।
बाजार और निजी संस्थान रहेंगे खुले
सांझा मुलाजिम मंच पंजाब के संयोजक हरनेक सिंह ने बताया कि आंदोलन के दौरान आज कोई चक्का जाम नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाजार, दुकानें और निजी संस्थान सामान्य रूप से खुले रहेंगे। उनके अनुसार, सरकारी कर्मचारी केवल सरकारी कामकाज से दूरी बनाए रखेंगे। इस आंदोलन को कई कर्मचारी संगठनों का समर्थन मिलने का दावा भी किया गया है।
लाखों कर्मचारी और पेंशनभोगी आंदोलन में शामिल
कर्मचारी संगठनों के अनुसार, इस आंदोलन में 3 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी और 4 लाख से ज्यादा पेंशनभोगी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि सरकारी बसों के ड्राइवर और कंडक्टर इस हड़ताल का हिस्सा नहीं होंगे। वित्त मंत्री के साथ हुई बैठक के बाद कर्मचारियों ने रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए सरकारी बसों के कर्मचारियों को हड़ताल से अलग रखने का फैसला किया है।
DA समेत कई मांगों पर अड़े कर्मचारी
कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई भत्ते (DA) से संबंधित मामला वे अदालत में जीत चुके हैं और सरकार से इसका भुगतान लेकर रहेंगे। इसके अलावा कर्मचारियों की अन्य मांगों को लेकर भी मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक में चर्चा की जाएगी। अब सभी की नजर दोपहर 1 बजे जालंधर में होने वाली बैठक पर है। कर्मचारी संगठनों और मुख्यमंत्री के बीच बातचीत से क्या कोई समाधान निकलता है, यह बैठक के बाद स्पष्ट होगा।


