ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से बच्चे को सकुशल खोजा, परिजनों ने ली राहत की सांस
HARYANA DESK : हिसार की महावीर कॉलोनी से लापता हुए 7 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। बच्चा दोपहर करीब 1 बजे लापता हुआ था। परिजनों ने पुलिस को सूचना देते हुए अपहरण की आशंका भी जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देश पर ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस चौकी 12 क्वार्टर की टीम तुरंत सक्रिय हुई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
पुलिस चौकी 12 क्वार्टर के प्रभारी ASI राकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर बच्चे की तलाश के साथ तकनीकी संसाधनों का भी इस्तेमाल किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को CCTV फुटेज के जरिए बच्चे का सुराग मिला। इसके बाद करीब 10 किलोमीटर दूर से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।
परिजनों को सौंपा बच्चा
बच्चे की सुरक्षित बरामदगी के बाद पुलिस टीम ने उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया। बच्चे को सकुशल देखकर परिवार ने राहत की सांस ली और हिसार पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। पुलिस के अनुसार, बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई को प्राथमिकता दी जा रही है। हिसार पुलिस ने आमजन को भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा से संबंधित किसी भी सूचना पर पुलिस पूरी तत्परता के साथ कार्रवाई करेगी।


