लुधियाना। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े हैंडलरों के लिए कथित तौर पर जासूसी करने के आरोप में लुधियाना पुलिस ने गुरदासपुर के 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित की पहचान फतेहगढ़ चूड़ियां, गुरदासपुर निवासी रछपाल सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस का दावा है कि रछपाल ने लुधियाना-फिरोजपुर रोड पर करीब दो महीने पहले किराये पर एक दुकान ली थी। दुकान के बाहर उसने चार चीनी निर्मित सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। पुलिस के अनुसार इन कैमरों की लाइव फीड पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलरों तक भेजी जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक कैमरों का रुख लुधियाना-फिरोजपुर रोड और बद्दोवाल कैंटोनमेंट क्षेत्र की तरफ था। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि कैमरों के जरिए किन इलाकों की निगरानी की जा रही थी और यह फीड किन लोगों तक पहुंचाई जा रही थी।
पुलिस के अनुसार रछपाल ने एक निजी अस्पताल के सामने बिल्डिंग में दुकान किराये पर ली थी और इसी इमारत की तीसरी मंजिल पर रहता था। उसने यहां जूतों की दुकान शुरू की थी, लेकिन पुलिस का कहना है कि वह दुकान नियमित रूप से नहीं खोलता था। इसके बजाय दुकान के बाहर ऐसे स्थान पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जहां से सड़क और आसपास के क्षेत्र की निगरानी की जा सके।
लुधियाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना सराभा नगर में ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, 1923 की धाराओं 3, 4, 5 और 9 तथा बीएनएस की धारा 61(2) के तहत केस दर्ज किया है।
डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। आरोपित से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


