Entertainment News: ‘बिग बॉस 20’ में अभिनेत्री ईशा रिखी की एंट्री हो चुकी है। शो में कदम रखने से पहले ही ईशा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में थीं। कुछ समय पहले रैपर बादशाह के साथ उनके रिश्ते और तलाक की खबरों ने खूब चर्चा बटोरी थी। अब ईशा बिग बॉस के घर में अपनी एक अलग पहचान बनाने और दर्शकों को अपनी जिंदगी के दूसरे पहलुओं से रूबरू कराने पहुंची हैं।
शो में एंट्री से पहले ईशा ने अपनी पर्सनल लाइफ, सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और बिग बॉस के घर में प्यार को लेकर खुलकर बात की।
अपनी शांति को सबसे ज्यादा अहमियत देती हैं ईशा
सोशल मीडिया पर अपनी निजी जिंदगी साझा करने और इसके चलते जज किए जाने को लेकर ईशा ने कहा कि आज हर कोई अपनी जिंदगी में किसी न किसी परेशानी से गुजर रहा है। फर्क सिर्फ इतना है कि कुछ लोग अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर कर पाते हैं, जबकि कुछ नहीं कर पाते।
ईशा ने कहा कि वह अपनी मानसिक शांति को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देती हैं। उनके मुताबिक, अगर कोई चीज आपकी शांति छीन रही है या आपको तकलीफ दे रही है, तो उससे दूरी बनाना ही बेहतर है।
जिंदगी में किए फैसलों का कोई पछतावा नहीं
ईशा ने अपनी जिंदगी के फैसलों को लेकर कहा कि उन्हें अपने किए किसी भी काम का पछतावा नहीं है। उन्होंने माना कि कई बार समय सही नहीं होता या परिस्थितियां आपके पक्ष में नहीं होतीं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आपको अपने फैसलों पर हमेशा पछताते रहना चाहिए।
बिग बॉस में प्यार को लेकर साफ है ईशा का जवाब
जब ईशा से पूछा गया कि क्या वह बिग बॉस के घर में प्यार के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने साफ तौर पर इससे इनकार कर दिया। ईशा ने कहा कि उनके लिए प्यार का दरवाजा फिलहाल बंद हो चुका है और उस पर कई ताले लग चुके हैं।
उन्होंने साफ किया कि वह प्यार की इज्जत करती हैं और उस पर विश्वास भी रखती हैं, लेकिन फिलहाल खुद के लिए इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं। हालांकि, वह शो में दोस्ती के रिश्ते जरूर बनाना चाहती हैं।
जब उनसे पूछा गया कि अगर उनके अतीत से जुड़ा कोई व्यक्ति बिग बॉस के घर में आ गया तो क्या वह उसका सामना कर पाएंगी, इस पर ईशा ने कहा कि फिलहाल वह इस सवाल का जवाब देने में सहज महसूस नहीं कर रही हैं।
बोलीं- लोग मुझे कमजोर समझते हैं, लेकिन मैं स्ट्रॉन्ग हूं
ईशा ने अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर को याद करते हुए कहा कि लोग उन्हें कमजोर समझते हैं, लेकिन वह खुद को कमजोर नहीं मानतीं। उनके मुताबिक, कुछ परिस्थितियां ऐसी होती हैं जिनमें इंसान को कमजोर महसूस होता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह वास्तव में कमजोर है।
ईशा ने बताया कि उन्होंने जिंदगी में काफी मुश्किलों का सामना किया है। महज 8 साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया था। अब वह चाहती हैं कि ‘बिग बॉस 20’ के जरिए दर्शकों को उनके व्यक्तित्व के कई अलग-अलग पहलू देखने को मिलें और लोग उन्हें सिर्फ उनकी निजी जिंदगी से जोड़कर न देखें।


