जालंधर। लुधियाना में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई बेअदबी की घटना के विरोध में भाजपा जालंधर की ओर से मंगलवार को डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक में रोष धरना दिया गया। जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और पंजाब सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं। वे संविधान निर्माता होने के साथ करोड़ों लोगों के सम्मान, अधिकार और समानता के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा के साथ हुई बेअदबी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ पंजाब में बाबा साहब की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि बाबा साहब का सम्मान पूरे देश का सम्मान है और उनकी प्रतिमा के साथ ऐसी घटना को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से लोगों की भावनाएं आहत होती हैं, इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।
भाजपा नेताओं सुशील शर्मा और विपन सभरवाल ने भी प्रदेशभर में बाबा साहब की प्रतिमाओं की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। उन्होंने प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही।
धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अंबेडकर चौक स्थित प्रतिमा की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए गए आश्वासन के बाद जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने धरना समाप्त कर दिया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रतिमाओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो भाजपा दोबारा आंदोलन शुरू करने से पीछे नहीं हटेगी।


