Punjab News। कनाडा के एबट्सफोर्ड में पंजाबी गायक एमी विर्क के कार्यक्रम के बाद उनके काफिले पर कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। एबट्सफोर्ड पुलिस ने मैक्कलम रोड के 2500-ब्लॉक में हुई गोलीबारी की पुष्टि की है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि हमलावरों का निशाना कौन था और घटना के समय एमी विर्क खुद संबंधित वाहन में मौजूद थे या नहीं।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे के बाद एक गहरे रंग की एसयूवी में सवार लोगों ने दूसरी गाड़ी पर कई राउंड फायर किए। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। गोलीबारी के कुछ समय बाद सनीसाइड प्लेस के 2400-ब्लॉक में एक एसयूवी में आग लगाए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को पूरी तरह जला हुआ पाया।
जांच अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि आग के हवाले किया गया वाहन गोलीबारी की घटना से जुड़ा है या नहीं। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर कहा है कि जिस वाहन पर गोलियां चलाई गईं, उसे जानबूझकर निशाना बनाया गया था।
कार्यक्रम के बाद काफिले पर फायरिंग का दावा
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, 5 सितंबर की रात एबट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम हॉल में एमी विर्क का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दावा है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद करीब 11 बजे एमी विर्क वाहनों के काफिले के साथ शहर की ओर रवाना हुए। इसी दौरान काफिले में शामिल एक रॉल्स रॉयस पर दूसरे वाहन में सवार लोगों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी।
फिलहाल पुलिस ने एमी विर्क को निशाना बनाए जाने की पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है और पुलिस गोलीबारी के पीछे की वजह तथा इसमें शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


