नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन सीरीज के पहले मुकाबले को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले पहले टी20 मैच पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
दरअसल, दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक BRICS सम्मेलन आयोजित होना है। इसी दौरान भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मुकाबला भी प्रस्तावित है। ऐसे में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर मैच की तारीख में बदलाव किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक BCCI या अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से मैच स्थगित या तारीख बदलने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
13 सितंबर को BRICS सम्मेलन, उसी दिन मैच
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मेजबानी में होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के सभी मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में प्रस्तावित हैं। पहला मैच 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को खेला जाना है।
लेकिन 13 सितंबर को BRICS सम्मेलन भी होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों के सामने अतिरिक्त चुनौती पैदा हो सकती है। सम्मेलन में कई देशों के बड़े नेता और प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके चलते दिल्ली पुलिस की बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती और कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन की संभावना है।
दिल्ली पुलिस ने DDCA को लिखा पत्र
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर ने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) को पत्र लिखकर 13 सितंबर के मुकाबले को किसी अन्य तारीख पर कराने का अनुरोध किया है।
पुलिस के सामने सुरक्षा के अलावा ट्रैफिक मैनेजमेंट की भी बड़ी चुनौती होगी। मैच देखने के लिए करीब 20 से 25 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में BRICS सम्मेलन और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की सुरक्षा व्यवस्था एक ही दिन संभालना मुश्किल हो सकता है।
DDCA की ओर से कहा गया है कि यह आयोजन उसका अपना इवेंट नहीं है। अगर मैच की तारीख में बदलाव होता है तो इसकी जानकारी उचित समय पर संबंधित पक्षों की ओर से दी जाएगी।
शाम 7 बजे होना है मुकाबला
शेड्यूल के मुताबिक भारत-अफगानिस्तान सीरीज का पहला टी20 मुकाबला 13 सितंबर को शाम 7 बजे शुरू होना है, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। 20 ओवर का पूरा मुकाबला होने की स्थिति में मैच रात करीब 10:30 बजे तक चल सकता है।
अब सभी की नजरें BCCI और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अगले फैसले पर हैं। देखना होगा कि सुरक्षा और प्रशासनिक परिस्थितियों को देखते हुए पहला टी20 तय तारीख पर खेला जाता है या शेड्यूल में बदलाव किया जाता है।


