Punjab News: चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित राजीव विहार में बुधवार देर रात पिस्टल के बल पर प्रॉपर्टी डीलर से होंडा सिटी कार लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई होंडा सिटी कार भी बरामद कर ली है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंचकूला की राजीव कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय कृष्ण, रैला गांव निवासी 21 वर्षीय सोनू और चंडीगढ़ सेक्टर-16 निवासी 24 वर्षीय संजू उर्फ कांचा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, राजीव विहार निवासी 24 वर्षीय पुलकित शर्मा बुधवार रात करीब 12 बजे अपने घर के बाहर कार में बैठकर ऑनलाइन खाना आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तीन बाइक और एक एक्टिवा पर सवार छह बदमाश वहां पहुंच गए।
आरोप है कि बदमाशों ने आते ही कार को घेर लिया। दो बदमाशों ने अपने वाहन कार के आगे लगा दिए, जबकि बाकी आरोपी ड्राइवर की तरफ पहुंच गए। इसके बाद पिस्टल दिखाकर कार पर कब्जा कर लिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने जांच के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई कार बरामद कर ली। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और वाहनों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।


