मानसा। पंजाब के मानसा जिले के बरेटा कस्बे में नेशनल हाईवे पर सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक निजी स्कूल वैन आगे चल रही PRTC बस से जा टकराई। हादसे में 10 स्कूली बच्चों और वैन चालक को चोटें आई हैं। घायलों को आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया।
बाइक सवार को बचाने के दौरान लगा ब्रेक
जानकारी के मुताबिक, गांव किशनगढ़ के एक निजी स्कूल की वैन सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर उसके आगे चल रही PRTC बस के सामने अचानक एक बाइक सवार आ गया।
बस चालक ने बाइक सवार को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूल वैन बस को संभाल नहीं सकी और सीधे पीछे से टकरा गई।
वैन चालक की टांग टूटी, बच्चों को भी चोटें
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घायल बच्चों और वैन चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हादसे में वैन चालक की एक टांग टूट गई, जबकि दो-तीन बच्चों को गंभीर चोटें लगी हैं। अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं।
स्कूल वैन की हालत को लेकर परिजनों में रोष
हादसे के बाद बच्चों के परिजनों ने स्कूल वैन की हालत को लेकर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि बच्चों को ले जाने वाला वाहन पहले से ही खराब हालत में था। उन्होंने स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग की है।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही बरेटा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ स्कूल वैन की स्थिति और जरूरी दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।


