होशियारपुर। पंजाब में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी से प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सोमवार तड़के करीब 5 बजे चंडीगढ़ से पहुंची ईडी की टीम ने तीन गाड़ियों में जोधामल रोड स्थित उनके आवास पर दबिश दी और जांच शुरू कर दी।
सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई की खबर फैलते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं। इलाके में भी इस कार्रवाई को लेकर हलचल देखने को मिली।
एडवोकेट ने की ED की टीम पहुंचने की पुष्टि
सुंदर शाम अरोड़ा के एडवोकेट एचएस सैनी ने उनके आवास पर ईडी की टीम पहुंचने की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें यह जानकारी नहीं है कि जांच एजेंसी किस मामले को लेकर कार्रवाई कर रही है और इसके पीछे क्या आधार है।
दूसरी ओर, प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से भी अभी तक छापेमारी के कारणों या जांच से जुड़े मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया राजनीतिक साजिश का आरोप
ईडी की कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी नेताओं ने इसे राजनीतिक कार्रवाई और चुनावी हथकंडा करार दिया है।
कांग्रेस के जिला प्रधान एडवोकेट दलजीत सिंह गिल ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि चुनावी माहौल के बीच इस तरह की कार्रवाई राजनीतिक मंशा से की जा रही है।
फिलहाल ईडी की जांच किस मामले से संबंधित है, इसका खुलासा नहीं हुआ है। जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी आने के बाद ही कार्रवाई की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।


