अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में गुरुवार देर रात ड्यूटी पर तैनात पंजाब पुलिस के एक एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना थाना गेट हकीमां क्षेत्र में दाना मंडी के पास हुई, जहां एएसआई हरजीत सिंह मोटरसाइकिल पर गश्त कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 2:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने एएसआई पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिवार को मिलेगी 2 करोड़ रुपये की सहायता
एएसआई की मौत के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, एचडीएफसी बैंक की ओर से भी परिवार को एक करोड़ रुपये का बीमा भुगतान किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि दिवंगत पुलिसकर्मी को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
सांसद मनीष तिवारी ने जताया दुख
घटना पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी दुख जताया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या होना बेहद दुखद है। उन्होंने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य और केंद्र सरकार को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और अज्ञात हमलावरों की तलाश में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


