जालंधर। पंजाब में कथित गो तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला जालंधर के भोगपुर इलाके से सामने आया है, जहां पचरंगा रोड पर एक बोलेरो गाड़ी से चार गाय बरामद की गई हैं। देर रात हिंदू संगठनों से जुड़े नेताओं ने संदिग्ध गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान गाड़ी में सवार दो व्यक्ति चलती गाड़ी से छलांग लगाकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
गुप्त सूचना के आधार पर किया गाड़ी का पीछा
हिंदू नेता सौरव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लुधियाना से एक गाड़ी में गायों को लेकर जालंधर की तरफ आया जा रहा है। इसके बाद वह पठानकोट बाईपास के पास निगरानी के लिए खड़े हो गए।
उनके मुताबिक, संदिग्ध बोलेरो चालक ने उन्हें देखकर अचानक यू-टर्न ले लिया और गलत दिशा में गाड़ी भगाने लगा। इसके बाद गाड़ी का पीछा किया गया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 बजे भोगपुर के नजदीक बोलेरो में सवार दो व्यक्ति चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गए।
कई वाहनों को मारी टक्कर, चार गाय सुरक्षित बरामद
हिंदू नेता इंद्रजीत के अनुसार, बोलेरो चालक ने पीछा किए जाने के दौरान कई वाहनों को टक्कर मारी और गाड़ी को तेजी से भगाता रहा। बाद में गाड़ी में सवार दोनों व्यक्ति चलती गाड़ी से छलांग लगाकर फरार हो गए।
इसके बाद गाड़ी की जांच करने पर उसमें चार गाय मिलीं। सभी गायों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। हिंदू नेताओं ने बताया कि बरामद गायों को गौशाला में भेजा जाएगा।
बिना नंबर की बोलेरो पुलिस ने कब्जे में ली
मामले की जानकारी देते हुए एएसआई रणजीत सिंह ने बताया कि भोगपुर थाने से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान बोलेरो गाड़ी बिना नंबर प्लेट के मिली, जिसमें से चार गाय बरामद की गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गाड़ी लुधियाना से आ रही थी और जालंधर के रास्ते जम्मू की ओर जा रही थी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर लांबड़ा थाने ले जाने की प्रक्रिया शुरू की।
हिंदू नेताओं के बयानों के आधार पर होगी कार्रवाई
एएसआई रणजीत सिंह ने बताया कि हिंदू नेताओं के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके आधार पर गाड़ी के चालक और मामले से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, यह भी चर्चा है कि बोलेरो पर ट्रक का नंबर लगाया गया था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
गौरतलब है कि जालंधर और आसपास के इलाकों में कथित गो तस्करी के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस बरामद गाड़ी और चारों गायों से जुड़े मामले की जांच कर रही है।


