अमृतसर। शहर के रामबाग के पास स्थित सब्जी मंडी से खरीदे गए अचार में मरी हुई छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। गांव खलचियां निवासी कामरेड चरण सिंह ने एक दुकान से एक किलो अचार खरीदा था। घर पहुंचकर जब परिवार के साथ अचार खाने के लिए डिब्बा खोला गया तो उसमें मरी हुई छिपकली दिखाई दी। इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने तर्कशील सोसायटी के सहयोग से मामला संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अचार का डिब्बा खोलते ही उड़े होश
कामरेड चरण सिंह ने बताया कि वह 28 तारीख को किसी पारिवारिक काम से अमृतसर आए थे। वापस गांव लौटते समय उन्होंने रामबाग के नजदीक सब्जी मंडी में एक दुकान से एक किलो अचार खरीदा था।
घर पहुंचने के बाद जब परिवार के सदस्य अचार खाने के लिए डिब्बा खोलने लगे तो उसमें मरी हुई छिपकली दिखाई दी। यह देखकर सभी हैरान रह गए। उनका कहना है कि यदि परिवार का कोई सदस्य अनजाने में इस अचार का सेवन कर लेता तो उसकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था।
खुले ड्रमों में अचार की बिक्री पर उठाए सवाल
चरण सिंह ने खाद्य पदार्थों की बिक्री में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कई दुकानों पर खुले ड्रमों में अचार बेचा जा रहा है और खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की है कि संबंधित दुकान की जांच करवाई जाए और लापरवाही सामने आने पर दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
दुकान का पता मिलने पर होगी जांच: जिला स्वास्थ्य अधिकारी
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनजीत सिंह रटौल ने बताया कि संबंधित दुकान का पूरा पता मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर भेजा जाएगा। दुकान में उपलब्ध अचार के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यदि जांच रिपोर्ट में अचार असुरक्षित पाया जाता है या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों को लेकर खाद्य विभाग की पांच टीमें सक्रिय
डॉ. रटौल ने बताया कि त्योहारों के सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की पांच टीमें अलग-अलग इलाकों में लगातार निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान खोया, पनीर और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के नमूने भी एकत्र किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जांच में कुछ नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे, जबकि कुछ नमूने असुरक्षित पाए गए हैं। ऐसे मामलों में विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
मिठाई खरीदते समय रखें विशेष सावधानी
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने अत्यधिक चमकदार रंगों वाली मिठाइयों और बाजार भाव से बहुत कम कीमत पर मिलने वाली मिठाइयों को खरीदने से बचने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की शुद्धता और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।


