जालंधर। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से दुष्कर्म के दावे को लेकर शुरू हुआ छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया था। प्रदर्शन के दौरान जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर करीब 20 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
ताजा जानकारी के मुताबिक, अब हालात नियंत्रण में हैं और बड़ी संख्या में छात्र अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। प्रदर्शन की स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 10 दिनों के लिए रेगुलर कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। इसके बाद छात्र अपना सामान लेकर कैंपस से बाहर निकल रहे हैं।
बच्चों को लेने यूनिवर्सिटी पहुंचे अभिभावक
प्रदर्शन और तनावपूर्ण हालात के बीच कई छात्रों के अभिभावक उन्हें लेने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे। यूनिवर्सिटी के बाहर बड़ी संख्या में छात्र सामान के साथ अपने परिजनों के साथ घर जाते हुए नजर आए।
पांच युवकों को हिरासत में लेने का दावा
27वीं बटालियन की कमांडेंट गुरमीत कौर के अनुसार, पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लिया है। उनके पास से एक हंसिया जैसी धारदार वस्तु और एक वॉकी-टॉकी बरामद होने की बात कही गई है।
कमांडेंट के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वे कहां से आए थे और प्रदर्शन स्थल पर उनकी मौजूदगी का उद्देश्य क्या था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री मान ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
LPU में छात्रा से दुष्कर्म के दावे और इसके बाद हुए प्रदर्शन तथा हाईवे जाम के मामले पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि यदि मामले में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पूरे मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच जारी है। दुष्कर्म के दावे से संबंधित तथ्यों और घटनाक्रम की आधिकारिक जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।


