जींद। हरियाणा के जींद जिले में कथित देह व्यापार की गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उचाना क्षेत्र में नरवाना रोड और लितानी रोड स्थित दो होटलों पर पुलिस की टीमों ने एक साथ छापेमारी की। इस दौरान तीन महिलाएं युवकों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मिलीं। पुलिस ने होटल संचालकों सहित कुल छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी ग्राहक भेजकर किया खुलासा
पुलिस ने शनिवार दोपहर बाद नरवाना रोड स्थित एक होटल में पहले फर्जी ग्राहक भेजा। वहां से संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान दो महिलाएं मिलीं। वहीं, होटल के रिसेप्शन पर कथित तौर पर सौदेबाजी कर रहे व्यक्ति की पहचान डोहाना खेड़ा गांव निवासी दिनेश के रूप में हुई।
पुलिस ने दिनेश के खिलाफ वेश्यावृत्ति निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
लितानी रोड के होटल में तीन महिलाएं और तीन युवक मिले
दूसरी कार्रवाई लितानी रोड स्थित एक होटल में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां बाहरी क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर कथित तौर पर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल के कमरों की जांच की।
इस दौरान तीन महिलाएं तीन युवकों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मिलीं। मामले में पुलिस ने होटल संचालक रोहतक की शिव कॉलोनी निवासी जितेंद्र के अलावा अरविंद, गुलशन, राकेश और रणबीर के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
होटल संचालकों की भूमिका खंगाल रही पुलिस
उचाना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों होटलों में छापेमारी के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इन गतिविधियों में होटल संचालकों की क्या भूमिका थी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


