जालंधर। गोराया में नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार टैक्सी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े थ्री–व्हीलर (ऑटो) से जा टकराई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर गोराया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू करवाया।
जानकारी के अनुसार, टैक्सी चालक रणजीत सिंह चार सवारियों को लेकर पटियाला से ब्यास जा रहा था। जब वह गोराया के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचा तो अचानक एक तेज रफ्तार वाहन ने उसकी कार को साइड मार दी। सामने आई इस स्थिति में टैक्सी चालक ने अपनी और कार में बैठी सवारियों की सुरक्षा के लिए स्टेयरिंग दूसरी तरफ मोड़ दिया।
इसी दौरान टैक्सी का टायर कट गया और कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े एक थ्री-व्हीलर से जा टकराई। टक्कर के कारण टैक्सी में सवार चार लोगों को चोटें आईं। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में सहायता की। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से हटवाए वाहन
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही गोराया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी और थ्री-व्हीलर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


