पटियाला: पंजाब के पटियाला जिले की ऑफिसर्स कॉलोनी में देर रात दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। कहासुनी के दौरान एक युवक ने अपने जानकार पर गोली चला दी। इस घटना में 34 वर्षीय रजत शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां बुधवार तड़के इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रजत शर्मा देर रात अपने परिचित चमकौर सिंह के साथ बैठे हुए थे। इस दौरान रजत की पत्नी भी मौके पर मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि चमकौर सिंह ने कथित तौर पर रजत शर्मा पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद रजत की पत्नी के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले की जानकारी देते हुए DSP सिटी संजीव सिंगला ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर चमकौर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी मुनकेरी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक रजत शर्मा एक निजी बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में चार साल की एक बेटी भी है। इस दुखद घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।


