अबोहर: किस्मत कब और किस पर मेहरबान हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। ऐसा ही कुछ अबोहर के किसान दलजीत सिंह के साथ हुआ है। बेटी की शादी के खर्चों को पूरा करने के लिए कर्ज लेने की तैयारी कर रहे दलजीत सिंह की दीपावली बंपर लॉटरी निकल आई। उनकी टिकट पर एक करोड़ रुपये का इनाम लगा है। इस खबर के सामने आते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
10-15 दिन पहले खरीदा था लॉटरी का टिकट
जानकारी के मुताबिक, दलजीत सिंह ने करीब 10 से 15 दिन पहले रेलवे रोड स्थित राधा स्वामी लॉटरी सेंटर से दीपावली बंपर का टिकट खरीदा था। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह टिकट उनकी किस्मत बदल देगा। जब उन्हें एक करोड़ रुपये का इनाम निकलने की जानकारी मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
दलजीत सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी तय हो चुकी है और शादी के खर्चों को लेकर वह काफी चिंतित थे। आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने कर्ज लेने तक की योजना बना ली थी। लेकिन अचानक एक करोड़ रुपये की लॉटरी निकलने से उनकी सबसे बड़ी परेशानी दूर हो गई। अब वह अपनी बेटी की शादी बिना किसी आर्थिक चिंता के धूमधाम से कर सकेंगे।
पहली बार सेंटर से निकली एक करोड़ की लॉटरी
वहीं, राधा स्वामी लॉटरी सेंटर के संचालक सुशील कुमार ने बताया कि उनके पिता ने कई साल पहले इस सेंटर की शुरुआत की थी। यहां से पहले भी कई लोगों की किस्मत चमक चुकी है और अनेक लोग लखपति बन चुके हैं। हालांकि, सेंटर के इतिहास में पहली बार किसी ग्राहक ने एक करोड़ रुपये का इनाम जीता है।
विजेता की पहचान होने के बाद मंगलवार को लॉटरी सेंटर में जश्न मनाया गया। इस दौरान ढोल-नगाड़े बजाए गए और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया गया। दलजीत सिंह की इस बड़ी जीत से परिवार के साथ-साथ लॉटरी सेंटर में भी उत्सव का माहौल देखने को मिला।


