HomePunjabकनाडा के सरी में पंजाबी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की गोली मारकर...

कनाडा के सरी में पंजाबी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या, वारदात के बाद कार को लगाई आग

सरी: कनाडा के सरी शहर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात हमलावरों ने एक पंजाबी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग कार में बैठे हुए थे, तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी सफेद रंग की सेडान कार को आग के हवाले कर फरार हो गए।

पुलिस की शुरुआती जांच में इस घटना को टारगेटेड किलिंग माना जा रहा है। जांच एजेंसियों को हत्या के पीछे संगठित अपराध से जुड़े लोगों का हाथ होने का संदेह है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसे गैंगवार करार नहीं दिया है।

वॉलमार्ट की पार्किंग में कार सवार कपल पर फायरिंग

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात रविवार, 15 नवंबर की रात करीब 10:38 बजे हुई। सरी के 124 स्ट्रीट और 88 एवेन्यू स्थित वॉलमार्ट के सामने पार्किंग में एक लाल रंग की स्पोर्ट्स कार खड़ी थी। कार में 23 वर्षीय युवक और 24 वर्षीय युवती बैठे हुए थे।

इसी दौरान वहां पहुंचे हमलावरों ने कार पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। घटना की सूचना मिलते ही इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गोलीबारी के 13 मिनट बाद सफेद कार में लगाई आग

इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) के मुताबिक, गोलीबारी की घटना के करीब 13 मिनट बाद रात 10:51 बजे प्रिंसेस ड्राइव के 9700 ब्लॉक में एक सफेद रंग की सेडान कार में आग लगने की सूचना मिली।

जांच अधिकारियों को संदेह है कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए इसी कार का इस्तेमाल किया था। आशंका जताई जा रही है कि पहचान और सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने कार को आग लगा दी। फिलहाल पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।

पुलिस ने माना सुनियोजित हमला, संगठित अपराध से जुड़े होने का शक

इस दोहरे हत्याकांड की जांच IHIT की टीम कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती साक्ष्यों से संकेत मिलते हैं कि हमलावरों ने किसी विशेष व्यक्ति को निशाना बनाकर हमला किया था। पुलिस को इस वारदात के तार संगठित अपराध से जुड़े होने का भी संदेह है।

जांच में यह बात भी सामने आई है कि मृतक युवक पहले हथियारों और फायरआर्म्स से जुड़े मामलों के चलते पुलिस की निगरानी में रहा था। हालांकि, हत्या की असली वजह और इसमें शामिल आरोपियों को लेकर पुलिस ने अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।

डेल्टा इलाके में रहता था पंजाबी मूल का कपल

पुलिस के मुताबिक, दोनों मृतक पंजाबी मूल के थे और कनाडा के डेल्टा इलाके में रहते थे। युवक की पहचान की पुष्टि कर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है, जबकि युवती की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, युवक के पिता ने युवती को अपने बेटे की गर्लफ्रेंड बताया है। परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, हमले के समय दोनों एक ही कार में मौजूद थे।

कैलगरी से लौटते समय पिता को मिली बेटे की हत्या की सूचना

मृतक युवक के पिता ने एक मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान बताया कि वह ट्रक ड्राइवर हैं और घटना के समय कैलगरी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें फोन के जरिए बेटे की हत्या की खबर मिली।

पिता ने बताया कि उन्हें शुरुआत में यह भी जानकारी नहीं थी कि उनके बेटे का शव किस अस्पताल या स्थान पर रखा गया है। उन्होंने अपने बेटे को आखिरी बार देखने की इच्छा जाहिर की।

तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था मृतक

परिवार के अनुसार, मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में एक छोटा भाई और एक बहन हैं। बेटे की अचानक हुई हत्या की खबर से परिवार गहरे सदमे में है।

फिलहाल कनाडा पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से हमलावरों की पहचान, वारदात में इस्तेमाल की गई कार और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस ने घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी रखने वाले लोगों से आगे आकर जांच में सहयोग करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments