पंजाब: अनुसूचित जातियों के अधिकारों की रक्षा और न्याय प्रक्रिया को तेज करने के लिए पंजाब में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के नवनिर्मित कोर्ट का उद्घाटन चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी और प्रमुख सचिव वी.के. मीणा ने किया। खास बात यह है कि किसी भी राज्य के एससी आयोग के तहत बना यह देश का पहला कोर्ट रूम है। चेयरमैन गढ़ी ने इस मौके पर कहा कि यह कोर्ट शिकायतों के समयबद्ध निपटारे और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने में मील का पत्थर साबित होगा।
नवनिर्मित कोर्ट में आधुनिक सुविधाएं और व्यवस्थित सिटिंग प्लान तैयार किया गया है, ताकि सुनवाई प्रक्रिया पारदर्शी और पेशेवर तरीके से हो सके। चेयरमैन ने भरोसा दिलाया कि अब आयोग और अधिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही लोगों के समय और पैसे की बचत के लिए ऑनलाइन कोर्ट की सुविधा भी शुरू की जाएगी। उद्घाटन समारोह में आयोग के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
