चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के जापान दौरे का आज तीसरा दिन है और यह दिन राज्य में निवेश लाने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीएम मान आज टोक्यो से ओसाका के लिए रवाना होंगे और खास बात यह है कि वह यह सफर बुलेट ट्रेन के जरिए तय करेंगे। ओसाका में मुख्यमंत्री कई शीर्ष औद्योगिक संस्थानों के नेतृत्व के साथ बैठकें करेंगे। आज के शेड्यूल में सीएम मान टोकाई सिटी में ऐची स्टील्स के चेयरमैन फजिको ताकाहीरो और हगाने कंपनी के प्रेजिडेंट ईटो तोशिओ के साथ उच्च-स्तरीय बैठक करेंगे। इसके अलावा, वह यानमार होल्डिंग्स को. लिमिटेड के ग्लोबल सीईओ और शीर्ष प्रबंधन के साथ इंडस्ट्री विजिट करेंगे तथा शाम को सीजेआई से भी मुलाकात करेंगे।
मुख्यमंत्री मान ने अपने दौरे के दौरान पंजाब को निवेश के लिए सबसे पसंदीदा गंतव्य के रूप में पेश किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं। दौरे के पहले दिन ही उन्होंने जेबीआईसी, आइसन, यामाहा, होंडा मोटर, फुजित्सु लिमिटेड और एमईटीआई जैसे प्रमुख संस्थानों के साथ चर्चा की थी। सीएम ने जापानी कंपनियों को उन्नत विनिर्माण, ग्रीन एनर्जी और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। साथ ही, उन्होंने निवेशकों को मार्च 2026 में मोहाली में होने वाले 6वें प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन का न्योता भी दिया। इस बीच, जापान की कंपनी टॉपन स्पेशलिटी फिल्म्स (टीएसएफ) ने पंजाब में 400 करोड़ रुपये के निवेश और एक स्किल एक्सीलेंस सेंटर स्थापित करने का समझौता कर लिया है, जो राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
