लुधियाना: लुधियाना में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। 10 लाख रुपए की रंगदारी वसूलने आए दो आरोपियों में से एक पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को पकड़ने के लिए समराला चौक पर ट्रैप लगाया गया था। जैसे ही बदमाश बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रुकने और सरेंडर करने की चेतावनी दी। इस पर बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग से एक आरोपी घायल हो गया।
थाना डिवीजन नंबर-7 के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहिन मसीह निवासी गांव तैलियावाल, बटाला (जिला गुरदासपुर) के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में उसने अपने फरार साथी की पहचान जाइन मसीह के रूप में बताई, जिसकी तलाश में पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है।
इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सचिन वर्मा को 12 दिसंबर 2025 को एक विदेशी मोबाइल नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने 10 लाख रुपए की रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया और सचिन वर्मा को संतरी रंग का हैंडबैग देकर मौके पर भेजा गया।
पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर लिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
