Punjab Desk: पंजाब में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। वर्तमान में राज्य के लोग दोहरे मौसम का सामना कर रहे हैं, जहाँ दोपहर की तेज धूप हल्की गर्मी का अहसास करा रही है, तो वहीं सुबह और शाम के समय ठंड का प्रभाव अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 15 फरवरी तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन इसके तुरंत बाद 16 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने जा रहा है।
इस बदलाव के कारण 16 और 17 फरवरी को अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट और मोगा जैसे क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश शुरू हो सकती है। धीरे-धीरे यह प्रभाव बढ़ेगा और 18 फरवरी तक जालंधर, लुधियाना, पटियाला और होशियारपुर समेत पंजाब के ज्यादातर जिलों में बादल बरस सकते हैं।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह बारिश लगातार नहीं होगी, बल्कि रुक-रुक कर बौछारों के रूप में आएगी। हालांकि, इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और सीमित इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना बनी हुई है। मौसम में आ रहा यह बदलाव मुख्य रूप से दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों का परिणाम है, जिसका असर मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी देखने को मिलेगा।
